छत्तीसगढ़

बीजेपी नेताओं से गले मिले कवासी लखमा, बजट सत्र में रहे उपस्थित

विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति के बाद सदन की कार्यवाही में शामिल हुए पूर्व आबकारी मंत्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा सदन की कार्यवाही में उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से अनुमति मिलने के बाद वे सदन पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समीप बैठे नजर आए।

सदन में उनके आगमन के साथ ही एक अलग दृश्य देखने को मिला। कवासी लखमा ने कुछ बीजेपी नेताओं से मुलाकात की और उनसे गले मिलते दिखाई दिए। वीडियो में वे पहले मंत्री रामविचार नेताम और उसके बाद अजय चंद्राकर से अभिवादन करते नजर आए, जबकि कांग्रेस के अन्य विधायक इस दृश्य के साक्षी बने।

उल्लेखनीय है कि कवासी लखमा को बजट सत्र के दौरान सदन में उपस्थित रहने के लिए विशेष अनुमति प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने 6 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष आवेदन देकर बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। इस पर विचार के बाद अध्यक्ष ने अनुमति दी।

बताया गया है कि उनकी सदन में उपस्थिति के संबंध में न्यायालय ने अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ा था। इसके पश्चात 7 फरवरी को महाधिवक्ता से राय ली गई। प्राप्त अभिमत के आधार पर कुछ शर्तों के साथ उन्हें बजट सत्र 2026-27 की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति दी गई।

Related Articles

Back to top button