क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

नवागढ़ में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, पुरानी रंजिश में शरीर पर डीजल डाल लगा दी आग; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा ।  जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ ग्राम कटौद में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने दूसरे युवक पर डीजल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 15 फरवरी 2026 की है, जब पीड़ित विशू सारथी ग्राम कटौद में मेला देखने पहुँचा था। इसी दौरान आरोपी आकाश कुमार कर्ष (20 वर्ष) वहां पहुँचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने हत्या की नीयत से विशू पर डीजल छिड़क दिया और माचिस जलाकर आग लगा दी।
आग लगते ही विशू सारथी बुरी तरह झुलस गया। चीख-पुकार और दर्द के बीच अपनी जान बचाने के लिए वह पास के तालाब में कूद गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। गंभीर रूप से झुलसे विशू को तत्काल रायपुर के DKS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे और उनकी टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आकाश कर्ष को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।  पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 67/2026 के तहत धारा 109, 296, 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी कमलेश सेंडे और थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सूचना मिलते ही आरोपी को धर दबोचा।

Related Articles

Back to top button