जाँजगीर -चाँपा

बलौदा पुलिस ने दुकानों से जब्त किए 300 डरावने मुखौटे

जांजगीर-चांपा | 02 मार्च 2026 होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर बलौदा पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र की दुकानों से लगभग 300 नग डरावने और भ्रामक मुखौटे जब्त किए हैं।
अपराध रोकने के लिए पुलिस की बड़ी घेराबंदी
अक्सर देखा गया है कि होली के दौरान कुछ असामाजिक तत्व डरावने मुखौटों का सहारा लेकर अपनी पहचान छिपाते हैं और हुड़दंग, मारपीट या अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन यह कड़ी कार्रवाई की है ताकि कोई भी अपराधी अपनी पहचान छिपाकर कानून का उल्लंघन न कर सके।
व्यापारियों को सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने क्षेत्र के व्यापारियों की जांच करते हुए उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार के डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मुखौटों की बिक्री न करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति और भाईचारे की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पावन पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है। त्योहार को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button