क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पैसा डबल करने का झांसा देकर 18 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जमीन और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर युवक से ठगे लाखों रुपये, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र में पैसा डबल करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर प्रार्थी से रकम हासिल करता रहा। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

निवेश के नाम पर की ठगी

पुलिस के अनुसार, आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। आरोपी ने ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

प्रार्थी आरोपी के झांसे में आ गया और फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन तथा नकद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम जुटाने के लिए प्रार्थी ने खेत गिरवी रखा और परिचितों से भी पैसे उधार लिए थे।

जमीन और शेयर मार्केट का देता रहा बहाना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसा होने का बहाना बनाता रहा। न तो प्रार्थी को निवेश का कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई।

मामले की शिकायत मिलने पर 20 मई 2026 को थाना पामगढ़ में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से की अपील

पुलिस ने आम लोगों से पैसा डबल करने, फर्जी निवेश योजनाओं और अधिक लाभ के लालच से सावधान रहने की अपील की है। किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button