जाँजगीर -चाँपाशिक्षा

JANJGIR: ज्ञानोदय विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और नगद पुरस्कार से बढ़ाया उत्साह

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, स्व. रामाधार यादव एवं स्व. डॉ. बी.आर. यादव की स्मृति में दिए गए पुरस्कार।

जांजगीर चाम्पा। ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

विद्यालय के संचालक डॉ. सुरेश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त व्याख्याता दंपति अमरनाथ यादव एवं श्रीमती रमादेवी यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वर्गीय रामाधार यादव एवं डॉ. बी.आर. यादव की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले पुरस्कारों से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 5वीं के आर्यन यादव एवं आशी राठौर, कक्षा 8वीं की ईशिता यादव, कक्षा 10वीं के सक्षम राठौर तथा कक्षा 12वीं की जिया सूर्यवंशी शामिल रहे।

शिक्षा के साथ संस्कार पर भी जोर

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावक

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कार्यालयीन स्टाफ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में शिक्षिका सुश्री प्रिया कोसरे ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button