जांजगीर-चांपा: पेट्रोल-डीजल की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने कलेक्टर ने ली अहम बैठक

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कंज्यूमर पंप संचालकों को सीधे ऑयल कंपनियों से ईंधन खरीदने के दिए निर्देश।
जांजगीर-चांपा। जिले में पेट्रोल और डीजल की आम जनता तक सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कंज्यूमर पंप संचालकों और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में औद्योगिक और वाणिज्यिक उपयोग के लिए पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सीधे ऑयल कंपनी से खरीदी के निर्देश
कलेक्टर ने कंज्यूमर पंप संचालनकर्ता उद्योग एवं वाणिज्यिक संस्थानों को निर्देशित किया कि वे पेट्रोल और डीजल की खरीदी सीधे ऑयल कंपनियों से करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रिटेल आउटलेट और सामान्य पेट्रोल पंपों से ईंधन की खरीदी नहीं की जाए, ताकि आम नागरिकों, किसानों और गुड्स ट्रांसपोर्ट वाहनों को आसानी से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध हो सके।
आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता
बैठक में कलेक्टर ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ईंधन आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी संचालक आम जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू सहित कंज्यूमर पंप उपयोगकर्ता उद्योग एवं वाणिज्यिक संस्थानों के प्रतिनिधि, ऑयल कंपनियों के अधिकारी और संबंधित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।



