छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता और नवाचार से बना रहीं नई पहचान: मुख्यमंत्री साय


रायपुर में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम, प्रदेशभर से पहुंचीं हजारों महिलाएं
रायपुर, 7 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंडोर स्टेडियम रायपुर में आयोजित ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता, मेहनत और नवाचार के दम पर नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई स्व-सहायता समूहों की हजारों महिलाएं और लखपति दीदियां शामिल हुईं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बना रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में 10 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। वर्तमान में करीब 8 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और आगे इस संख्या को और बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को 24 किश्तों में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। इस वर्ष के बजट में इसके लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने लखपति दीदी आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला ब्रांड बुक का विमोचन किया तथा ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों का मूल्यांकन कर उन्हें लखपति दीदी ग्राम घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।





