Chhattisgarh

कलेक्टर की समीक्षा बैठक: पीएम आवास, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन और शहरी विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर पीएम आवास (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न शहरी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शहरों के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पीएम आवास की प्रगति तेज करने के निर्देश

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवासों को जल्द पूरा करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर जोर

कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घर-घर से एकत्रित कचरे को सेग्रीगेशन सेंटर तक पहुंचाकर गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्वच्छता दीदियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

भवन अनुज्ञा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान

बैठक में कलेक्टर ने सॉलिड वेस्ट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट को व्यवस्थित रूप से लागू करने, नालियों की नियमित सफाई और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों के नियमित संचालन और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

पीएम स्वनिधि और संपत्तिकर वसूली की समीक्षा

कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा संपत्तिकर वसूली अभियान तेज करने और शहरों में आवारा कुत्तों के टीकाकरण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी, जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, निर्माण शाखा के सब इंजीनियर तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button