देशभर में ईद की धूम: चांद दिखते ही झूम उठे अकीदतमंद, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने दी मुबारकबाद

नई दिल्ली। रमजान के 30 मुकद्दस रोजों और इबादतों के बाद शुक्रवार को देशभर में ईद का चांद नजर आ गया। चांद का दीदार होते ही मस्जिदों से ईद-उल-फितर का एलान हुआ और फिजाओं में खुशियां तैर गईं। अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और आसमान आतिशबाजी से रोशन हो उठा। इस मुकद्दस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया है।
राष्ट्रपति मुर्मू का संदेश: सेवा और संयम का त्योहार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “ईद-उल-फितर का यह पावन त्योहार हमें आत्मसंयम, निस्वार्थ सेवा और मानवता की मदद करने की प्रेरणा देता है। इस दिन हमें समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के प्रति दया और सहयोग का भाव रखना चाहिए।” राष्ट्रपति ने सभी से मिलकर देश को और मजबूत बनाने का संकल्प लेने की अपील भी की।
पीएम मोदी ने दी भाईचारे की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “ईद-उल-फितर की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। यह विशेष दिन हमारे समाज में करुणा, भाईचारे और एकजुटता की भावना को और अधिक मजबूत करे। मेरी कामना है कि हर कोई स्वस्थ और खुशहाल रहे।”
पीएम ने ‘नवरोज’ की भी दी शुभकामनाएं
ईद के साथ-साथ प्रधानमंत्री ने पारसी नववर्ष ‘नवरोज’ के अवसर पर भी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कामना की कि यह नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने पारसी समुदाय के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सभी के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।




