सीएम साय के काफिले में बड़ा बदलाव, फॉर्च्यूनर की जगह दिखीं नई स्कॉर्पियो

पुरानी गाड़ियों की जगह 6 नई बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो शामिल, सुरक्षा और विश्वसनीयता पर फोकस
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के काफिले में आज एक अहम बदलाव देखने को मिला, जिसने भाजपा कार्यालय पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का ध्यान खींच लिया। अब तक काफिले में शामिल टोयोटा फॉर्च्यूनर की जगह नई स्कॉर्पियो गाड़ियां नजर आईं, जिससे मौके पर उत्सुकता का माहौल बन गया।
क्या बदला काफिले में?
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खरीदी गई फॉर्च्यूनर गाड़ियों का उपयोग कर रहे थे। करीब ढाई साल बाद अब इन वाहनों को बदलते हुए काफिले में 6 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां शामिल की गई हैं।
सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया निर्णय
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अब बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो में सफर करेंगे। यह बदलाव सुरक्षा और बेहतर परफॉर्मेंस को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
सीएम ने बताई वजह
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस बदलाव को लेकर कहा कि पुरानी गाड़ियां काफी इस्तेमाल हो चुकी थीं और कई बार बीच में खराब भी हो जाती थीं। ऐसे में सुचारू और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नई गाड़ियां शामिल करने का निर्णय लिया गया।




