नारी शक्ति वंदन अधिनियम समावेशी लोकतंत्र की दिशा में ऐतिहासिक पहल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री निवास में बैठक, जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश
रायपुर, 12 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लोकतंत्र को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने की दिशा में अहम पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और जनजागरूकता को लेकर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। सीएम ने निर्देश दिए कि इस विषय पर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए।

महिलाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं, ऐसे में राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उनकी भागीदारी को संस्थागत रूप देना जरूरी है। इससे लोकतंत्र अधिक संतुलित और प्रभावी बनेगा।
2029 से दिखेगा असर
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में पारित इस अधिनियम के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू होने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया गया है, जो लोकतंत्र को नई दिशा देगा।

राज्य सरकार की पहलें भी गिनाईं
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार ‘महतारी गौरव वर्ष’ और ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आह्वान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं और जनभागीदारी सुनिश्चित करें।




