कवर्धा ब्रेकिंग: 4 करोड़ के कर्ज और धमकियों से परेशान व्यापारी ने परिवार संग खाया जहर, सभी की हालत नाजुक

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक व्यापारी द्वारा सपरिवार आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी और भारी कर्ज के बोझ तले दबे एक व्यापारी ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
लेन-देन और प्रताड़ना का मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद करीब 4 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि व्यापारी पर उधारी चुकाने का भारी दबाव था और पैसे की वसूली के लिए उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी मानसिक तनाव और डर के कारण व्यापारी ने पूरे परिवार सहित यह खौफनाक कदम उठाया।
3 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
पुलिस को मौके से 3 पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में व्यापारी ने अपनी आर्थिक परेशानियों और लेन-देन से जुड़े उन लोगों का जिक्र किया है, जो उसे परेशान कर रहे थे। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी की मृत्यु की पुष्टि नहीं हुई है। व्यापारी, उसकी पत्नी और बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी है, हालांकि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताई है।
पुलिस की जांच शुरू
कवर्धा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में दर्ज नामों और धमकियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस उन पहलुओं को भी खंगाल रही है कि किन लोगों द्वारा व्यापारी को प्रताड़ित किया जा रहा था।




