अमित शाह का ट्वीट: महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष पर निशाना गृह मंत्री बोले बिल गिरने पर जश्न मनाना महिला विरोधी और शर्मनाक सोच

नारी शक्ति के अपमान की बात दूर तक जाएगी, 2029 में महिलाएं देंगी करारा जवाब”
नई दिल्ली: लोकसभा में महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) से जुड़े संविधान संशोधन बिल के गिरने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्वीट) पर विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शाह ने इस घटनाक्रम को बेहद अजीब और निंदनीय बताते हुए कांग्रेस सहित पूरे ‘इंडी गठबंधन’ को कटघरे में खड़ा किया है।
अमित शाह ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज लोकसभा में बहुत अजीब दृश्य दिखा। कांग्रेस, TMC, DMK और समाजवादी पार्टी ने मिलकर उस बिल को पारित नहीं होने दिया जो महिलाओं को 33% आरक्षण देने वाला था। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “बिल को गिरा देना और फिर उसका उत्साह मनाना व जयनाद करना सचमुच निंदनीय और कल्पना से परे है।”
“विपक्ष को झेलना होगा महिलाओं का आक्रोश”
गृह मंत्री ने अपने ट्वीट के जरिए विपक्ष को सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार को रोकने की यह सोच न देश के हित में है और न ही महिलाओं के। शाह ने लिखा, “नारी शक्ति के अपमान की यह बात यहाँ नहीं रुकेगी, दूर तक जाएगी। विपक्ष को ‘महिलाओं का आक्रोश’ न सिर्फ 2029 लोकसभा चुनाव में, बल्कि हर स्तर और हर चुनाव में झेलना पड़ेगा।”
हक के लिए करना होगा और इंतजार
शाह ने अफसोस जताते हुए कहा कि विपक्ष की इस नकारात्मक राजनीति के कारण अब देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में उनका वाजिब हक (33% आरक्षण) फिलहाल नहीं मिल पाएगा। भाजपा ने अब इस मुद्दे को लेकर सड़क से संसद तक ‘महिला विरोधी विपक्ष’ का नैरेटिव सेट करना शुरू कर दिया है।




