Chhattisgarh

महतारी वंदन योजना: e-KYC की अंतिम तिथि 30 जुलाई तक बढ़ी

सत्यापन अधूरा रहने पर सरकार का फैसला, महिलाओं को मिला अतिरिक्त समय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार ने योजना के तहत e-KYC को अनिवार्य करते हुए इसकी अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 जुलाई कर दी है। यह निर्णय उन हितग्राहियों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिनका सत्यापन अब तक पूरा नहीं हो पाया है।

पहले 30 जून थी अंतिम तिथि
पूर्व में e-KYC की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाओं की प्रक्रिया लंबित रहने के कारण इसे एक माह बढ़ा दिया गया है। इससे हितग्राहियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

प्रक्रिया में आ रही दिक्कतें
प्रदेश के विभिन्न जिलों से e-KYC को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर ऑपरेटरों द्वारा शुल्क मांगे जाने की बात कही गई है, जबकि यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समस्याएं, सर्वर डाउन और शिविरों की कमी के कारण भी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

कहां और कैसे कराएं e-KYC
महिलाएं अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड कार्यालय या पंचायत भवन में जाकर e-KYC करा सकती हैं। इसके लिए आधार कार्ड और उससे जुड़ा सक्रिय मोबाइल नंबर आवश्यक है। सत्यापन फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के माध्यम से किया जाता है।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने की पहल
सरकार के अनुसार, e-KYC का उद्देश्य योजना में पारदर्शिता लाना और पात्र हितग्राहियों तक लाभ सुनिश्चित करना है। इससे अपात्र या फर्जी लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जा सकेगा।

महिलाओं से अपील
सरकार ने महिलाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले e-KYC प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि योजना का लाभ बिना बाधा जारी रह सके। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध वसूली की शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों को करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button