दुर्ग में भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के ठिकाने पर ED की छापेमारी, भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले में कार्रवाई

दुर्ग। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दुर्ग में भाजपा नेता एवं अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के ठिकाने पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई महेश कॉलोनी स्थित उनके निवास पर की जा रही है, जिसे भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।
सुबह पहुंची टीम, जांच जारी
जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सुबह उनके घर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। हालांकि एजेंसी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से जुड़ा नाम
चतुर्भुज राठी अमर इंफ्रा के संचालक हैं। उन्होंने वर्ष 1986 में ‘अमर बिल्डर्स’ के रूप में अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी, जो बाद में विस्तार करते हुए कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से जुड़ा। हाल के समय में उनके कोयला कारोबार में भी सक्रिय होने की चर्चा रही है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।




