जांजगीर-चांपा: रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ जिला कांग्रेस का हल्ला बोल

जांजगीर-चांपा 3 मई 2026। देश में बढ़ती मंहगाई और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। नगर के कचहरी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर पर माला चढ़ाकर प्रतीकात्मक रूप से उसे ‘श्रद्धांजलि’ दी।
चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ”
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि फरवरी से अब तक व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में करीब 1380 रुपये (81%) की वृद्धि हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान कीमतें रोक कर रखती है और चुनाव खत्म होते ही जनता पर बोझ डाल देती है। अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार के पास मंहगाई रोकने का कोई एजेंडा नहीं है।
अगला निशाना पेट्रोल-डीजल: विधायक ब्यास कश्यप
क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि गैस के बाद अब मंहगाई का अगला हमला पेट्रोल और डीजल पर होगा। उन्होंने कहा कि यूपीए के समय 400 रुपये का सिलेंडर होने पर प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेता अब गायब हैं। विज्ञापन के जरिए वाहवाही लूटने वाली सरकार आम जनता की बेरोजगारी और मंहगाई की मार को अनदेखा कर रही है।
कांग्रेस की मुख्य मांगें:
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार के सामने ये प्रमुख मांगें रखीं:
* व्यावसायिक गैस सिलेंडर में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए।
* 5 और 10 किलो वाले सिलेंडरों में हुई 200 रुपये की बढ़ोतरी रद्द हो।
* आम जनता और छोटे व्यापारियों के लिए सब्सिडी दोबारा बहाल की जाए।
* मंहगाई नियंत्रण के लिए प्रभावी ठोस नीति लागू हो।
इस प्रदर्शन में उपाध्यक्ष रमेश पैगवार, विवेक सिंह सिसोदिया, पंकज शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि कीमतें वापस नहीं ली गईं, तो देशभर में चरणबद्ध तरीके से उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।



