क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

पुलिस कार्यालय में जहर खाकर दबाव बनाने वाला युवक गिरफ्तार, जांजगीर पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा। पुलिस कार्यालय में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले एक युवक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। आरोपी द्वारा पूर्व में भी झूठी शिकायतें कर पुलिस पर अनुचित दबाव बनाने और खुदकुशी की कोशिश करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला
घटना 23 अप्रैल 2026 की दोपहर लगभग 2:30 बजे की है। ग्राम मड़वा निवासी टिकेश्वर उर्फ टीआर साहू (23 वर्ष) पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा और जबरन एसपी के कक्ष में घुसने की कोशिश करने लगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह विवाद करने लगा और धक्का-मुक्की कर अंदर घुसने की जिद पर अड़ गया।

जेब में मिला कीटनाशक
आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों को देख जब पुलिस स्टाफ ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पॉकेट से कीटनाशक दवा का एक खुला हुआ पैकेट बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर टिकेश्वर ने स्वीकार किया कि वह जहर का सेवन करके ही ऑफिस आया है।

पुलिस की तत्परता से बची जान
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पाल और ASP उमेश कश्यप के निर्देश पर आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

झूठी शिकायतें और ‘प्रेशर पॉलिटिक्स’
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी टिकेश्वर एक ‘आदतन शिकायती तत्व’ है। वह बार-बार पुलिस में ऐसी शिकायतें करता है जो जांच में अप्रमाणित (झूठी) पाई जाती हैं। अपनी इन्हीं बेबुनियाद शिकायतों पर पुलिस से मनमुताबिक कार्रवाई कराने के लिए वह आत्महत्या की धमकी देकर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा है। पूर्व में भी वह इस तरह का ड्रामा कर चुका है।

इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
शासकीय कार्य में बाधा डालने और आत्महत्या का प्रयास कर पुलिस पर दबाव बनाने के जुर्म में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 304/26 के तहत धारा 221, 232, 226 BNS के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button