क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त के दौरान 600 से अधिक मकानों और 300 वाहनों की जांच, अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा शनिवार देर रात से रविवार तड़के सुबह तक विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त कर निगरानी बदमाशों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की व्यापक जांच की गई।

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना और चौकी प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

600 मकानों और 300 से अधिक वाहनों की जांच

पुलिस द्वारा जिले के घनी आबादी वाले इलाकों, सुनसान स्थानों और हाईवे मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 600 मकानों में पहुंचकर निगरानी और गुंडा बदमाशों का सत्यापन किया गया, जबकि हाईवे पर 300 से अधिक ट्रेलर और ट्रक वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी तथा वाहन चालकों और क्लीनरों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों से कुल 6 हजार 400 रुपये का समन शुल्क वसूला।

अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

थाना अकलतरा पुलिस ने अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी अविनाश मार्बल (27 वर्ष) निवासी अकलतरा को 40 पाव देशी और अंग्रेजी शराब तथा 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई नजर

पुलिस द्वारा अभियान के दौरान मादक पदार्थों के परिवहन, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस की सुरक्षा और चेकिंग संबंधी कार्रवाई में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाना में दें।

Related Articles

Back to top button