सड़क किनारे शराब पीने से रोकना पड़ा भारी, बुजुर्ग की लाठी से पीटकर हत्या

तनौद गांव में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, आरोपी गिरफ्तार कर जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तनौद में शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडे से हुए हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार बीती रात तनौद-नवागांव मुख्य मार्ग किनारे कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और सड़क किनारे शराब पीने का विरोध किया। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर वहां मौजूद उमाशंकर साहू भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
बीच-बचाव में पहुंचे पिता पर हमला
विवाद बढ़ता देख सत्यवान महिपाल के पिता मोहन महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान उमाशंकर साहू ने लाठी से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मोहन महिपाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल खरौद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में तनाव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी उमाशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मामले को लेकर योगिता खापर्डे ने बताया कि मामूली विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें लाठी-डंडे के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




