मित्रों को छोड़ गैरों से हाथ मिलाने से बढ़ी महंगाई’, पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा का केंद्र सरकार पर तीखा हमला

जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेस वार्ता में गरजे नेता; विधायक व्यास कश्यप ने उठाया खाद-यूरिया की किल्लत का मुद्दा, आंदोलन की चेतावनी
जांजगीर चाम्पा। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को जांजगीर के स्थानीय सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार की विदेश नीति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार ने अपने पुराने और भरोसेमंद विदेशी मित्रों को छोड़कर गैरों से हाथ मिलाया है, जिसके कारण आज देश में महंगाई पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है।”
रूस-ईरान को छोड़ अमेरिका से तेल खरीदने का नुकसान
पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने आंकड़ों और कूटनीति का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व में रूस और ईरान भारत के प्रमुख मित्र देश थे, जहां से देश को निरंतर और किफायती दरों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति होती थी। लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने अमेरिका के प्रभाव में आकर वहां से तेल खरीदना शुरू किया। नतीजा यह हुआ कि देश में ईंधन की सही और पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई, जिसका सीधा खामियाजा आज देश की आम जनता को कमरतोड़ महंगाई के रूप में भुगतना पड़ रहा है।
किसानों पर यूरिया और खाद का संकट
प्रेस वार्ता में मौजूद जांजगीर-चांपा के क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण इस समय पूरे प्रदेश में यूरिया सहित अन्य रासायनिक उर्वरकों (खाद) की भारी किल्लत हो गई है। इसका सीधा असर चालू सीजन में किसानों की फसलों और पैदावार पर पड़ेगा, जिससे कृषि उत्पादन में भारी गिरावट आ सकती है। विधायक कश्यप ने सरकार से मांग की है कि किसानों को समय रहते पर्याप्त मात्रा में खाद और उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएं।
जमीनी स्तर पर उग्र आंदोलन की तैयारी
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता और किसान दोनों ही संकट में हैं। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर इस तानाशाही के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों और आम जनता के हक और मूलभूत सुविधाओं के लिए कांग्रेस पार्टी जल्द ही सड़क पर उतरकर जमीनी स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता रफीक सिद्दीकी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव गिरधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष रमेश पैग्वार, भगवान दास गढ़वाल, शहर अध्यक्ष रामविलास राठौर, जिला महामंत्री सुशील द्विवेदी और सेवादल अध्यक्ष देव कुमार पांडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।




