महंगाई की मार : शहर में कल से महंगा होगा दूध

जांजगीर-नैला में 20 मई से नई दरें लागू, गाय का दूध ₹50 और भैंस का ₹60 प्रति लीटर मिलेगा
जांजगीर-चांपा। बढ़ती महंगाई के बीच अब दूध की कीमतों का असर आम लोगों की रसोई तक पहुंच गया है। दूध विक्रेता संघ जांजगीर-नैला ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। नई दरें 20 मई 2026 से लागू होंगी। नई दरों के अनुसार अब गाय का दूध 50 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 60 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलेगा। इससे पहले गाय का दूध 40 से 45 रुपये और भैंस का दूध 45 से 50 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा था।
बढ़ती लागत को बताया वजह
दूध विक्रेताओं का कहना है कि पशुओं के चारे, भूसे, दवाइयों, परिवहन और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पुरानी कीमतों पर शुद्ध दूध उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया था।संघ का कहना है कि उत्पादन और सप्लाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए मूल्य वृद्धि जरूरी हो गई थी।
डेयरी उत्पाद भी होंगे महंगे
दूध की कीमत बढ़ने के साथ अब दही, पनीर और घी जैसे डेयरी उत्पादों के दाम भी बढ़ सकते हैं। इससे आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
उपभोक्ताओं की बढ़ी चिंता
गृहणियों और आम उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध के दाम बढ़ना चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि रसोई का खर्च पहले से ही बढ़ चुका है और अब दूध महंगा होने से अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
संघ ने मांगा सहयोग
दूध विक्रेता संघ ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बढ़ती लागत के बावजूद गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध दूध की आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।




