क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शराब के लिए मांगी रंगदारी, पैसे नहीं देने पर दुकानदार से मारपीट; चांपा पुलिस ने 24 घंटे में दबोचे दो आरोपी

दुकानदार को रास्ते में रोककर मांगे थे पैसे, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चांपा

चांपा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रंगदारी मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर दुकानदार से मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार शंकर नगर निवासी दीपक देवांगन ने 7 जून को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 जून की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय शंकर नगर के शंकर दास महंत उर्फ बिल्ला और उसके साथी तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु ने रास्ते में रोक लिया।

‘दुकान अच्छी चलती है, पैसा दो’

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने दुकानदार से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर दी।

मामला दर्ज कर शुरू की जांच

प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार

चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 जून को दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

शंकर दास उर्फ बिल्ला महंत (27 वर्ष), शंकर नगर, चांपा

तुषार बरेठ उर्फ तुस्सु (19 वर्ष), शंकर नगर, चांपा

कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक वीरेश सिंह एवं थाना चांपा स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button