Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ में पटवारियों की समीक्षा: मुख्यालय में निवास अनिवार्य, अतिक्रमण व अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश

कलेक्टर महोबे ने राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण, पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर

जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026। कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने पामगढ़ अनुविभाग के पटवारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यालय में निवास अनिवार्य
कलेक्टर ने पटवारियों को मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहकर ही जमीनी समस्याओं की सही जानकारी मिलती है और उनका त्वरित समाधान संभव होता है। अनुपस्थिति की स्थिति में कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

पेंडेंसी पर रोजाना निगरानी
बैठक में निर्देशित किया गया कि राजस्व से संबंधित शिकायतें लंबित न रहें। सभी अधिकारी प्रतिदिन लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करें। नक्शा-खसरा का नियमित मिलान कर रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए गए।

कैंप कोर्ट से मौके पर समाधान
कलेक्टर ने त्रुटि सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने और ग्राम स्तर पर कैंप कोर्ट आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण व अवैध खनन पर सख्ती
उन्होंने अवैध कब्जों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध खनन की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश
जाति एवं निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समयसीमा में जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में संवेदनशीलता बरतते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता देने पर जोर दिया गया।

सुशासन तिहार के लिए विशेष दिशा-निर्देश
कलेक्टर ने “सुशासन तिहार 2026” के सफल संचालन के लिए निर्देश देते हुए कहा कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक आवेदक को उसकी आवेदन स्थिति से अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम पामगढ़ आर.के. तम्बोली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button