तेंदूपत्ता संग्राहकों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री साय, महुआ पेड़ के नीचे लगाई चौपाल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संग्राहकों से किया संवाद, चरण पादुका वितरित कर बढ़ाया उत्साह
रायपुर/सूरजपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को सूरजपुर प्रवास के दौरान रामानुजनगर प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ पटना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महुआ पेड़ की छांव में चौपाल लगाकर तेंदूपत्ता संग्राहकों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री के पहुंचने पर संग्राहकों ने तेंदूपत्ता और तेंदू फलों से बनी विशेष माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने संग्राहकों के श्रम और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वनाधारित आजीविका से जुड़े परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनके जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकता है।

राशन, पेयजल और योजनाओं की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान राशन वितरण व्यवस्था, पेयजल सुविधा, जल जीवन मिशन, शिक्षा व्यवस्था और राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि के उपयोग के बारे में भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
चरण पादुका वितरण कर बढ़ाया उत्साह

मुख्यमंत्री श्री साय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाधारित आजीविका से जुड़े लोगों के हितों की सुरक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं।
लक्ष्य से अधिक हुआ तेंदूपत्ता संग्रहण
जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है। फड़ पटना में 50 मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य रखा गया था, जबकि 21 मई तक 66.640 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है। इस कार्य से 108 संग्राहक जुड़े हुए हैं।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित रहे।





