चांपा: श्री राम मजदूर कल्याण समिति चुनाव की तैयारी तेज, नागेंद्र गुप्ता बने मुख्य निर्वाचन अधिकारी

27 मई को होगा समिति अध्यक्ष पद का मतदान, करीब दो हजार सदस्य करेंगे मतदान।
जांजगीर चाम्पा। चांपा में भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े मजदूरों के हितों के लिए कार्यरत श्री राम मजदूर कल्याण समिति के अध्यक्ष पद के निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पूर्व पार्षद नागेंद्र गुप्ता को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। समिति के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदान 27 मई 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक समिति के मुख्य कार्यालय केराझरिया में संपन्न होगा।
करीब दो हजार सदस्य करेंगे मतदान
समिति से जुड़े लगभग दो हजार सदस्य इस चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। मतदान के बाद मतगणना कर विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन टीम का भी गठन किया गया है।
पर्यवेक्षक और एआरओ की भी नियुक्ति
समिति ने यासीन मेमन एवं किशन नामदेव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं नरेंद्र वैष्णव और विमल राठौर को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील
समिति अध्यक्ष धजा राम साहू, संरक्षक समद बेग और बहरता राम धीवर ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सभी पदाधिकारियों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने की अपेक्षा जताई है।



