बलौदा पुलिस ने डीजल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो समेत ₹13 लाख का माल जब्त

रात के अंधेरे में खड़ी गाड़ियों को बनाते थे निशाना, 175 लीटर चोरी का डीजल बरामद
जांजगीर चाम्पा। थाना बलौदा पुलिस ने खड़ी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 175 लीटर चोरी का डीजल, घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो, जेरिकेन और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹13 लाख 17 हजार 500 आंकी गई है।
हाइवा चालक के शोर मचाने पर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी प्रकाश कुमार राठौर ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हाइवा वाहन नवागांव घाट से हरदीबाजार की ओर जा रहा था। 31 मई की रात करीब 1 बजे चालक ने वाहन को खिसोरा-उमरेली तालाब के पास भारतमाला रोड किनारे खड़ा किया था।
इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन में सवार तीन लोग पहुंचे और हाइवा की डीजल टंकी का ताला तोड़कर जेरिकेन में डीजल भरने लगे। चालक की नींद खुलने और शोर मचाने पर आरोपी डीजल लेकर मौके से फरार हो गए। बाद में जांच में 175 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना बलौदा पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- तेजू पनिका (31 वर्ष), निवासी जमगहना, थाना पटना, जिला कोरिया
- दिनेश कुमार केंवट (22 वर्ष), निवासी रसौटा, थाना बलौदा
- मनोज कुमार मिरी (37 वर्ष), निवासी कोरबी, थाना बलौदा




