“पर्यावरण को हराभरा रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है” : एम. के. पारीक

सनराइज क्लब में विश्व पर्यावरण दिवस पर 160 पौधों का रोपण
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
विश्व पर्यावरण दिवस एवं ‘मिशन लाइफ- लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ के तहत 5 जून को सनराइज क्लब में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूनिट हेड एम. के. पारीक, अध्यक्षता कर रहे पी.आई.एल. इंटक अध्यक्ष शिवदयाल कर्ष तथा विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मिशन लाइफ की शपथ भी दिलाई गई।
पर्यावरण संरक्षण को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्य अतिथि एम. के. पारीक ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और हराभरा बनाए रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
प्रदूषण नियंत्रण पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम में पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक महाप्रबंधक संतोष थवाईत ने विश्व पर्यावरण दिवस की थीम तथा मिशन लाइफ के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जल एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, ई-वेस्ट प्रबंधन, फ्लाई ऐश मैनेजमेंट और रिसाइक्लिंग जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। विभिन्न वक्ताओं ने बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पेड़ों की कटाई पर चिंता जताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
बच्चों के लिए आयोजित हुई प्रतियोगिताएं
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अलावा कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए स्लोगन, पोस्टर, भाषण और सुझाव प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
160 पौधों का किया गया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्लांट परिसर में व्यापक वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान नीम, बरगद, आम, आंवला, पीपल, अमरूद, अशोक, गुलमोहर और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 160 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का संचालन संतोष थवाईत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रामेश्वर पटेल ने किया।





