जांजगीर-चांपा पुलिस का सड़क सुरक्षा अभियान, 8 थाना क्षेत्रों में मितानों को दिया जागरूकता का संदेश

राहवीर योजना और गोल्डन ऑवर की जानकारी देकर लोगों को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए किया प्रेरित।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के 8 थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा मितानों की बैठक आयोजित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
8 थाना क्षेत्रों में एक साथ चला अभियान
अभियान के तहत थाना जांजगीर के ग्राम धूरकोट, बलौदा के चारपारा, बम्हनीडीह के पिपरदा, अकलतरा, पामगढ़ के सहसा, बिर्रा के करही, नवागढ़ के केरा तथा मुलमुला के कोसा गांव में सड़क सुरक्षा मितानों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित वाहन संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

राहवीर योजना की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने भारत सरकार की राहवीर योजना के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में कहा गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है। लोगों से अपील की गई कि दुर्घटना के समय घायलों की मदद के लिए आगे आएं और मानवता का परिचय दें।

‘गोल्डन ऑवर’ की अहमियत समझाई
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा मितानों को ‘गोल्डन ऑवर’ की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
गांव-गांव पहुंचाएंगे सड़क सुरक्षा का संदेश
पुलिस ने सड़क सुरक्षा मितानों से अपने-अपने गांव और क्षेत्र में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों में मददगार बनने की भावना को बढ़ावा देना है।





