Chhattisgarhरायपुर

शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जवाबदेही और संवेदनशीलता से करें काम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों की समीक्षा, पीएम आवास, पीएम सूर्यघर, राजस्व प्रकरण, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुशासन तिहार 2026 के तहत बालोद एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को सकारात्मक सोच, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना और राजस्व अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में तेजी लाने को कहा।

पीएम आवास और पीएम सूर्यघर योजना पर विशेष फोकस

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु से पहले अधिकतम स्वीकृत आवासों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेसन प्रशिक्षण बढ़ाकर निर्माण कार्यों में गति लाने पर भी जोर दिया। वहीं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत वर्ष 2027 तक प्रदेश में 5 लाख सौर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य को लेकर अधिकारियों को जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

किसानों को खाद-बीज की कमी नहीं होनी चाहिए

खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

महिला समूहों और लखपति दीदी योजना की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने बिहान योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर जोर दिया। रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री निर्माण में महिला समूहों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में बताया गया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 20,245 तथा बालोद जिले में 36,312 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। औराटोला गांव को लखपति ग्राम के रूप में विकसित किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं और कुपोषण उन्मूलन पर जोर

मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु में संभावित मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, टीबी मुक्त पंचायत अभियान, संस्थागत प्रसव और कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रमों की भी समीक्षा की।

पेयजल, सड़क और डिजिटल सेवाओं की समीक्षा

जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्बाध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लंबित सड़क निर्माण कार्यों को बारिश से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया। उन्होंने ई-ऑफिस, ई-डिस्ट्रिक्ट और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने पीएम श्री स्कूलों की प्रगति और शिक्षा की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए नवाचार आधारित शिक्षण पर बल दिया। वहीं कानून-व्यवस्था, नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और सड़क सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन को लेकर जनजागरूकता अभियान जारी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार सिंह, सचिव  राहुल भगत, विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button