Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक वैश्विक छलांग: सिंगापुर से मिले ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सौर ऊर्जा व फूड प्रोसेसिंग को मिलेगी नई उड़ान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का तीन दिवसीय सिंगापुर दौरा रहा बेहद सफल; एनर्जी कैपिटल ग्लोबल स्थापित करेगी ₹41,750 करोड़ का एआई डेटा सेंटर, युवाओं के कौशल विकास के लिए हुआ अंतरराष्ट्रीय एमओयू

🔴 आज की बात News | रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सिंगापुर के तीन दिवसीय ऐतिहासिक दौरे से लौटा छत्तीसगढ़ का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियां लेकर आया है। इस प्रवास के दौरान प्रदेश को ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रतिबद्धताएं हासिल हुई हैं, जो राज्य के इतिहास में किसी एक विदेश यात्रा के दौरान प्राप्त अब तक का सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में सहभागिता के लिए देशभर से केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था।

₹41,750 करोड़ से बनेगा AI-रेडी डेटा सेंटर, सौर और फूड प्रोसेसिंग को भी बढ़ावा

सिंगापुर प्रवास के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का अत्याधुनिक ‘एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस’ विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के भारी-भरकम निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना राज्य को देश की उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा अवसंरचना का प्रमुख हब बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

इसके अतिरिक्त, ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के साथ सोलर और 300 मेगावाट बैटरी स्टोरेज कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव मिला है। वहीं 22 देशों में कार्यरत प्रमुख एग्रीबिजनेस समूह वैलेंसी इंटरनेशनल (Valency International Pte Ltd) को ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो व फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए आमंत्रित किया गया है, जिससे स्थानीय किसानों को वैश्विक बाजार से जुड़ने का सीधा लाभ मिलेगा।

सिंगापुर की तर्ज पर युवाओं का कौशल विकास, ITE के साथ एमओयू

भविष्य के हाई-टेक उद्योगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘आईटीई एजुकेशन सर्विसेज, सिंगापुर’ (ITE Education Services) के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत उद्योगों की मांग के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार किए जाएंगे और युवाओं को उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से भेंट और ग्लोबल सीईओ राउंडटेबल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से सौजन्य भेंट कर द्विपक्षीय संबंधों, शहरी नियोजन और अत्याधुनिक तकनीक के आदान-प्रदान पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित सीईओ राउंडटेबल बैठक में टीसीएस, एसएमबीसी, तोलाराम ग्रुप और एग्रोकार्प सहित 15 से अधिक बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। ‘ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क’ (GFTN) के साथ चर्चा में छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक पूंजी व बाजार तक पहुंच दिलाने तथा एक्वाटेक पैसिफिक होल्डिंग्स के साथ औद्योगिक अपशिष्ट जल प्रबंधन पर सहमति बनी।

नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन और नंदनवन जंगल सफारी का होगा कायाकल्प

हरित विकास और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिनिधिमंडल ने ‘गार्डन्स बाय द बे’ और ‘मंडाई वाइल्डलाइफ ग्रुप’ के विशेषज्ञों से संवाद किया। गार्डन्स बाय द बे के विश्वस्तरीय मॉडल की तर्ज पर नवा रायपुर में एक भव्य बॉटनिकल गार्डन तैयार किया जाएगा। साथ ही, नया रायपुर स्थित नंदनवन जंगल सफारी को वैश्विक स्तर के वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दौरा साबित करता है कि छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश के लिए पूरी तरह तैयार और अनुकूल है। सरकार इन सभी प्रस्तावों पर तेजी से फॉलो-अप करेगी ताकि परियोजनाएं समय पर धरातल पर उतरें और राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण रोजगार मिल सके।

Related Articles

Back to top button