जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

रामबाड़ा चांपा में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज

सोमवती अमावस्या और पुरुषोत्तम मास के शुभ संयोग पर श्रद्धालुओं को दिया धर्म, गौसेवा और भक्ति का संदेश

🔴 आज की बात न्यूज | चांपा

रामबाड़ा चांपा में श्रीश्याम भक्त मंडल द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज, पीठाधीश्वर श्री दूधाधारी मठ रायपुर एवं श्री शिवरीनारायण मठ ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कर कथा आयोजन की सफलता की कामना की। भागवताचार्य द्वारा साल और श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया गया।

सोमवती अमावस्या का बताया विशेष महत्व

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि द्वापर युग में भीष्म पितामह ने भी अपने प्राण त्यागने के लिए सोमवती अमावस्या जैसे शुभ अवसर की प्रतीक्षा की थी। उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत पुण्यदायी है और ऐसे पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से पितरों का कल्याण होता है तथा भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्तों पर विशेष कृपा कर उन्हें अपने चरणों में स्थान प्रदान करते हैं।

गौसेवा और धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान

महन्त जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को गौमाता से अत्यंत प्रेम था। हमें भी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए गौसेवा, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को विश्वास दिलाया कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति से भगवान की कृपा अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास और सोमवती अमावस्या का यह दुर्लभ संयोग सभी के लिए मंगलकारी एवं कल्याणकारी है।

संतों के आगमन से यज्ञ होता है पूर्ण

व्यास पीठ पर विराजमान पंडित ललित वल्लभ जी महाराज ने कहा कि किसी भी यज्ञ और धार्मिक आयोजन की पूर्णता संतों के आगमन से होती है। आज राजेश्री महन्त जी महाराज के आगमन से यह श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ पूर्णतः सफल और सार्थक हो गया है।

पर्वतारोही अनीता श्रीवास का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में विशेष रूप से भागवताचार्य दिनेश दुबे, माया किशन शर्मा, डॉ. विनय अग्रवाल, अनिल मोदी, मनोज मित्तल, सुनील बनकर, शशिभूषण सोनी, डॉ. रविंद्र द्विवेदी, पंडित हरिहर प्रसाद तिवारी, पंडित भोला शर्मा, कुलवंत सिंह सलूजा, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्वतारोही अनीता श्रीवास को भी सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button