शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे, विद्यार्थियों को दिए सफलता और करियर निर्माण के मंत्र

गणवेश और पाठ्य पुस्तकों का वितरण, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, विद्यालय परिसर में कदम का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर ग्राम चोरिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में कलेक्टर जन्मेजय महोबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया तथा शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शिक्षा सफलता की सबसे मजबूत नींव : कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर नियमित अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को सफलता का मूल मंत्र बताया। कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां का शैक्षणिक वातावरण और सभी की मेहनत प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यालय के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता प्राचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
कौशल आधारित शिक्षा पर दिया जोर
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में अवसर तलाशने की सलाह दी।ऑटोमोबाइल, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट सहित अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। साथ ही विद्यार्थियों को अंग्रेजी, हिंदी, गणित और भाषा विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, जो उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण की सीख
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, सही योजना और समय का सदुपयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में लगातार प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, खेल या अन्य किसी क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या होने पर विद्यार्थी एवं शिक्षक सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया पौधारोपण
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने विद्यालय परिसर में कदम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उनकी देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से गांव तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण समाज के समग्र विकास के आधार हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




