कोतवाली जांजगीर का वार्षिक निरीक्षण: SP विजय पाण्डेय ने परखी पुलिसिंग व्यवस्था, FIR से लेकर CCTNS तक की समीक्षा

निष्पक्ष कार्रवाई, त्वरित FIR, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
🔴 आज की बात न्यूज़ | जांजगीर-चांपा
जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने गुरुवार को कोतवाली जांजगीर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेख, सीसीटीएनएस व्यवस्था, मालखाना, शस्त्रागार, लंबित अपराध, अपराधियों की निगरानी तथा पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत परेड निरीक्षण से हुई। इस दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र के गुंडा, निगरानीशुदा और आदतन अपराधियों की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनकी कार्यकुशलता और कानून संबंधी जानकारी का परीक्षण किया। संतोषजनक और सटीक जवाब देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए गए।
गुंडा और निगरानी बदमाशों पर रखें कड़ी नजर
SP पाण्डेय ने थाना क्षेत्र में सक्रिय गुंडा, निगरानीशुदा एवं आदतन अपराधियों की सूची का परीक्षण करते हुए उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए नियमित सत्यापन और निगरानी जरूरी है।
CCTNS में पेंडेंसी नहीं होनी चाहिए
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीसीटीएनएस (CCTNS) संचालन की समीक्षा की और ऑपरेटर से रिकॉर्ड अपडेट की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में डिजिटल रिकॉर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि FIR दर्ज होने से लेकर चालान प्रस्तुत करने तक प्रत्येक कार्रवाई समय पर ऑनलाइन अपडेट हो ताकि पारदर्शिता बनी रहे और प्रकरणों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
जनता का विश्वास सबसे बड़ी ताकत
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता जितना मजबूत होगा, कानून-व्यवस्था उतनी ही बेहतर होगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील और मित्रवत व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई, बेहतर पुलिसिंग और तकनीक के प्रभावी उपयोग से जनता का भरोसा और मजबूत होगा।
महिला अपराधों और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित अपराधों और विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों से प्रकरणवार जानकारी ली। उन्होंने गंभीर और संवेदनशील मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष बल दिया। एसपी ने निर्देश दिए कि महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और न्यायालयीन कार्यवाही को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
अवैध शराब-गांजा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा।
SP विजय पांडेय ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।




