
महानदी के मिरौनी बैराज में पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त दबिश, रेत माफियाओं में मचा हड़कंप
🔴 Aaj Ki Baat News | जैजैपुर
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ हसौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग के साथ संयुक्त अभियान में एक चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने खनिज चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
SP के निर्देश पर बनी विशेष टीम
महानदी के मिरौनी बैराज क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में हसौद पुलिस और खनिज विभाग ने संयुक्त दबिश दी।
दबिश के दौरान मिले रेत से भरे वाहन
कार्रवाई के दौरान टीम को एक चैन माउंटेन मशीन तथा तीन हाईवा वाहन रेत से भरे मिले। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। सभी वाहनों को मौके से जब्त कर लिया गया।
बिना रॉयल्टी हो रहा था परिवहन
जांच में पाया गया कि रेत उत्खनन और परिवहन के लिए कोई वैध अभिवहन पास या रॉयल्टी दस्तावेज मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार यह खनिज चोरी का मामला है, जिससे शासन को राजस्व हानि हुई है।
एक आरोपी की पहचान
प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में बिलासपुर के सरकंडा निवासी धीरज साहू का नाम सामने आया है। आरोप है कि उसके द्वारा मशीन के माध्यम से अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन कराया जा रहा था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अभियान में थाना प्रभारी हसौद निरीक्षक विन्टन साहू, खनिज निरीक्षक सक्ती तथा पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। लगातार हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है।





