सहकारिता से बढ़ेगी किसानों की आय, विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत होगी नींव : CM विष्णुदेव साय

राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में 162 करोड़ रुपये से अधिक की तेंदूपत्ता प्रोत्साहन राशि वितरण का शुभारंभ। 1352 नई सहकारी समितियों के गठन और किसानों को बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सहकारिता किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित सहकारिता मंत्रालय ने ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकारी सप्ताह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
162 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरण शुरू
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संग्रहण वर्ष 2023 के 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 162 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि वितरण का शुभारंभ किया। साथ ही उत्कृष्ट सहकारी समितियों को सहकार प्रेरणा पुरस्कार से सम्मानित किया तथा महिला स्व-सहायता समूहों को लाभांश वितरित किया।
1352 नई सहकारी समितियों का गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की कोई भी पंचायत सहकारिता से वंचित न रहे, इस उद्देश्य से 1352 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने सहकारिता विभाग के ऑनलाइन पोर्टल का भी शुभारंभ किया, जिससे किसानों का पंजीयन अधिक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हो सकेगा।

15 लाख किसानों को मिला बिना ब्याज ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को खेती के लिए 16 से 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण लेना पड़ता था, जबकि अब सहकारिता व्यवस्था और KCC के माध्यम से बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 15 लाख से अधिक किसानों को 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कृषि ऋण उपलब्ध कराया गया है।
पशुपालन और ग्रामीण उद्यमिता को भी मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, वनोपज, मत्स्य पालन और ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में भी सहकारिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि NDDB के सहयोग से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
सहकारिता मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार पिछले दो वर्षों में प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
स्टॉलों का किया अवलोकन, हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सहकारी संस्थाओं द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने पांच नई PACS समितियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए, छत्तीसगढ़ हर्बल्स के पांच नए उत्पादों का लोकार्पण किया तथा विभिन्न हितग्राहियों को केसीसी ऋण, सामग्री और प्रोत्साहन राशि का वितरण भी किया।





