गांव को अपराध मुक्त बनाने महिलाओं ने पुलिस टीम के साथ किया महिला कमांडो टीम का गठन

पुलिस व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 80 महिलाओं को मिली जिम्मेदारी, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश का लक्ष्य
जांजगीर चाम्पा। जिले में अपराध व नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से ग्राम पिसौद में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। यह कार्यक्रम कूटी आश्रम परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें गांव के सरपंच, पंच, बीडीसी सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 80 महिलाओं को शामिल करते हुए टीम बनाई गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) की पहल पर जिलेभर में नशे के कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनसहयोग को मजबूत करने के क्रम में यह कदम उठाया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में हुआ। ग्राम पिसौद के सरपंच धजाराम साहू के नेतृत्व में टीम गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर सीएसपी कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे ने महिला कमांडो टीम को गांव में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने, नशे के कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सूचना तंत्र को सशक्त करने तथा पुलिस के साथ समन्वय में कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को थाना का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया तथा किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की समझाइश दी। साथ ही सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया गया।
महिला कमांडो टीम को पुलिस के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस प्रशासन का मानना है कि टीम के गठन से गांव में सकारात्मक माहौल बनेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।





