कलेक्टर ने की मानसून तैयारियों की समीक्षा, आपदा प्रबंधन और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

समय-सीमा बैठक में एचपीवी टीकाकरण, खाद-बीज उपलब्धता, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु एप और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में मानसून को देखते हुए जिले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आपदा प्रबंधन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जलजनित रोगों की रोकथाम, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, एचपीवी टीकाकरण अभियान, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु एप तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला सेनानी, एसडीआरएफ एवं संबंधित विभागों को संभावित जलभराव और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, बचाव दलों को सक्रिय रखने तथा नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और प्रशिक्षित तैराकों व बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
निर्बाध बिजली और स्वच्छ पेयजल पर जोर
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि विद्युत संबंधी शिकायत मिलने पर तकनीकी दल तत्काल मौके पर पहुंचे और निर्धारित समय में फॉल्ट का निराकरण करे। उन्होंने फॉल्ट रिस्पॉन्स टाइम कम करने तथा कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और स्वास्थ्य विभाग को पेयजल स्रोतों की नियमित जांच, क्लोरीनेशन, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
किसानों को समय पर मिले खाद-बीज
बैठक में खाद एवं बीज के भंडारण और वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी पात्र किसानों तक समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।
HPV टीकाकरण और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर निर्देश
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत विभाग के समन्वय से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरियों का एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु एप के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
विभिन्न योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं घरेलू बायोगैस योजना के अधिकतम लाभ दिलाने, पीएम आवास योजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, आर.के. तम्बोली, स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




