बिर्रा: कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन कृषि केंद्रों पर छापा; दो प्रतिष्ठान सीलबंद, एक को नोटिस

बिना लाइसेंस और स्रोत प्रमाण पत्र के बीज, उर्वरक व कीटनाशक विक्रय मिलने पर कृषि विभाग ने की कार्रवाई। उप संचालक कृषि ने कहा किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रविवार को विकासखंड बम्हनीडीह के बिर्रा में तीन निजी कृषि केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर दो कृषि केंद्रों को सीलबंद किया गया, जबकि एक प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। यह कार्रवाई उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में जिला एवं विकासखंड स्तरीय संयुक्त दल द्वारा की गई।
दो कृषि केंद्रों पर सीलबंद की कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान मेसर्स न्यू केशरवानी कृषि केंद्र में बीज एवं कीटनाशकों का विक्रय बिना स्रोत प्रमाण पत्र के किया जाना पाया गया। वहीं मेसर्स चंद्रा कृषि केंद्र के संचालक राजेश कुमार चंद्रा द्वारा बिना लाइसेंस बीज एवं उर्वरक का विक्रय किए जाने का मामला सामने आया। दोनों प्रतिष्ठानों से संबंधित बीज एवं उर्वरक जब्त कर उनके विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया। साथ ही कीटनाशक लाइसेंस में स्रोत प्रमाण पत्र का नवीनीकरण नहीं होने तथा कीटनाशक अधिनियम, 1966 एवं नियम, 1971 के प्रावधानों के उल्लंघन पर दोनों प्रतिष्ठानों को सीलबंद कर दिया गया।
दीपक कृषि केंद्र को नोटिस
निरीक्षण के दौरान मेसर्स दीपक कृषि केंद्र, बिर्रा द्वारा कीटनाशक विक्रय से संबंधित सत्यापित स्टॉक पंजी एवं सत्यापित बिल बुक प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अनियमितता मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई: राकेश शर्मा
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। बिना लाइसेंस या आवश्यक दस्तावेजों के कृषि आदानों का विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी निजी कृषि केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




