Chhattisgarhपॉलिटिक्स

प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का निशाना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन को लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल बताते हुए राहुल गांधी के आचरण पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे राजनीतिक स्टंट को स्वीकार नहीं करेगी।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आचरण को लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल बताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार के राजनीतिक व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। उनके अनुसार, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पेपर लीक को गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा परीक्षा दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित कर उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे की आड़ लेकर युवाओं को भ्रमित करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने बयान में कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।

Related Articles

Back to top button