जाँजगीर -चाँपाशिक्षा

थल सेना कैंप की इंटरग्रुप प्रतियोगिता में रायपुर ग्रुप ने लहराया परचम

टीएससी इंटरग्रुप प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर रायपुर ग्रुप बना विजेता, 342 कैडेट्स ने लिया हिस्सा।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय के थल सेना शिविर (टीएससी) की इंटरग्रुप प्रतियोगिता 22 से 31 जुलाई 2026 तक रायपुर के लखोली स्थित एनसीसी ट्रेनिंग नोड में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, सागर, जबलपुर और रायपुर ग्रुप के कुल 342 कैडेट्स ने हिस्सा लिया।

रायपुर ग्रुप बना विजेता

प्रतियोगिता में रायपुर ग्रुप ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर ग्रुप विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। बालक वर्ग में भोपाल और सागर ग्रुप क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में भोपाल और जबलपुर ग्रुप ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सैन्य कौशल का हुआ प्रदर्शन

शिविर के दौरान कैडेट्स ने ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मानचित्र अध्ययन एवं नेविगेशन, दूरी का अनुमान, फील्ड सिग्नल, हेल्थ एवं हाइजीन तथा सेवा विषयों की लिखित परीक्षा सहित विभिन्न सैन्य कौशल आधारित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को किया सम्मानित

समापन समारोह में ब्रिगेडियर डी.के. पात्रा, ग्रुप कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रायपुर ने विजेता कैडेट्स को पदक एवं ट्रॉफियां प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि थल सेना कैंप का उद्देश्य एनसीसी के आर्मी विंग के कैडेट्स को सैन्य शैली का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व, शारीरिक एवं मानसिक क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास करना है।

ऑल इंडिया थल सेना कैंप की तैयारी

शिविर प्रभारी अधिकारी (ओआईसी) कर्नल सेंथिल कुमार एस के मार्गदर्शन में कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें 31 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया थल सेना कैंप के लिए तैयार किया गया।

शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी 1 सीजी एनसीसी बटालियन, कोरबा को सौंपी गई थी। इस अवसर पर ग्रुप कमांडर ने बटालियन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। समापन समारोह में विभिन्न यूनिटों के अधिकारी, एएनओ एवं पीआई भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button