क्राइमजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में खौफनाक वारदात: बाइक सवार से लिफ्ट मांगी, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर लूट ली जान, चंद घंटों में पकड़े गए दो अपचारी

कचहरी चौक से लिफ्ट लेकर दिया घटना को अंजाम, चश्मदीदों और सीसीटीवी की मदद से चंद घंटों में सुलझी गुत्थी

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जांजगीर कोतवाली और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में हुई एक सनसनीखेज हत्या और लूटपाट के मामले का चंद घंटों के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे थे।

जानिए कैसे दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

जांच से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान कचहरी चौक के पास दो विधि से संघर्षरत बालकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाई और पीछे बैठ गए। जैसे ही वे होंडा शोरूम (जांजगीर) के समीप एक सुनसान जगह पर पहुंचे, दोनों बालकों ने लूटपाट की नीयत से युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी युवक का पर्स और मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीड़ित ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी दुखद मृत्यु हो गई।

सूचना मिलते ही आला अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नव पदस्थ एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क और सीएसपी (जांजगीर) योगिताबाली खापर्डे सहित कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता और साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा तत्काल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने चश्मदीदों के बयानों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर ही दोनों विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में ले लिया। फिलहाल मामले में विस्तृत पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान

इस अंधे कत्ल और लूटपाट की गुत्थी को महज कुछ घंटों में सुलझाने में कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की टीम और साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा की टीम का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button