Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर SP की अनोखी पहल: ग्राम पड़रिया में बनी 55 महिलाओं की ‘महिला कमांडो’ और 12 युवाओं की ‘पहाड़ मित्र’ टीम, नशामुक्ति की दिलाई शपथ

दल्हा पहाड़ पर असामाजिक तत्वों पर कसेगा शिकंजा; टी-शर्ट, कैप और व्हिसल देकर टीम को किया गया रवाना

जांजगीर-चांपा। अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पड़रिया में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जनसहभागिता का बड़ा संदेश दिया गया।

55 महिलाओं की ‘महिला कमांडो’ संभालेगी कमान

गांव में अवैध नशे और सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए 55 जागरूक महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ बनाई गई है। यह टीम गांव-गांव घूमकर नशामुक्ति अभियान चलाएगी और अपराधों की रोकथाम में पुलिस की सहयोगी बनेगी। एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है। युवाओं को नशे से बचाना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

दल्हा पहाड़ की सुरक्षा के लिए बने ‘पहाड़ मित्र’

अकलतरा क्षेत्र के प्रसिद्ध पोड़ीदल्हा पहाड़ पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तुरंत लगाम कसने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 12 स्थानीय युवाओं का ‘पहाड़ मित्र’ दल गठित किया गया है। पहाड़ मित्रों को अलग पहचान देने के लिए विशेष टी-शर्ट, कैप और व्हिसल (सीटी) प्रदान की गई, वहीं महिला कमांडोज को भी कैप और व्हिसल देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पुलिस और जनता का मजबूत भरोसा

एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना है। ग्राम पड़रिया की यह पहल पूरे जिले के अन्य गांवों के लिए भी एक मिसाल बनेगी।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह, अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू, चौकी प्रभारी विनोद जाटवर सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

img com 2026081217031943603694235343095059686

Related Articles

Back to top button