हत्या की नीयत से चाकू से हमला करने वाला 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

तुस्मा गांव में पुरानी रंजिश पर युवक ने पेट व छाती पर घोंपा चाकू; एसपी विजय पाण्डेय के निर्देश पर 12 घंटे में कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तुस्मा में पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की नीयत से चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले 19 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में शिवरीनारायण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और कपड़े जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
देर रात घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
घटना 11 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी हरप्रसाद साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जब वह घर में सो रहा था, तभी गांव के विनोद साहू ने आकर बताया कि उसके भतीजे चिंतामणी साहू ने हरीचरण साहू पर हत्या की नीयत से पेट में चाकू मार दिया है। प्रार्थी ने मौके पर जाकर देखा तो उसका भाई हरीचरण साहू खाट पर खून से लथपथ पड़ा था। घायल को तत्काल ‘मां शबरी अस्पताल शिवरीनारायण’ में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
12 घंटे के भीतर आरोपी सलाखों के पीछे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय, एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क और डीएसपी सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी चिंतामणी साहू (पिता कमल किशोर साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी तुस्मा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पुरानी रंजिश के चलते हमला करने की बात स्वीकार की।
बीएनएस धारा 109 के तहत कार्रवाई
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर प्रयुक्त चाकू और कपड़े जब्त कर सीलबंद किए गए। थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 109 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को 12 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रितेश परमार, कविता टंडन, सउनि संतोष बंजारे, कपिल साहू, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन, किशोर दीवान, आरक्षक विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले तथा शिवरीनारायण थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




