क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चिकन के बंटवारे पर खूनी विवाद: छोटे भाई ने बड़े भाई और भाभी पर टांगी से किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

शिवरीनारायण क्षेत्र के बुंदेला डेरा की वारदात; चिकन के बंटवारे पर उपजा विवाद, राहौद पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा।

जांजगीर-चांपा। जिले के पुलिस सहायता केंद्र राहौद (थाना शिवरीनारायण) अंतर्गत ग्राम बुंदेला डेरा में चिकन के मामूली बंटवारे को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। घर में चिकन का हिस्सा कम मिलने से नाराज छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और बीच-बचाव करने आई भाभी पर लोहे की टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में तत्परता दिखाते हुए राहौद पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

चिकन के टुकड़े पर गाली-गलौज और हमला

पीड़ित बुधराम (40 वर्ष) की शिकायत के अनुसार, शाम के समय घर में भोजन पकाने के लिए चिकन का पारिवारिक बंटवारा किया जा रहा था। इसी दौरान छोटे भाई बजरंग गोंड (20 वर्ष) ने खुद को कम हिस्सा मिलने की बात कहते हुए विवाद और गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ने पर तैश में आकर बजरंग ने घर में रखी लोहे की टांगी उठाई और बुधराम की पीठ पर जानलेवा वार कर दिया।

बचाने आई भाभी के सिर पर भी किया वार

चीख-पुकार सुनकर जब बुधराम की पत्नी अपने पति को बचाने के लिए दौड़ी, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। उसने भाभी के सिर के पिछले हिस्से पर टांगी से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार छिपाकर मौके से भाग निकला, जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए भेजा गया और पुलिस को सूचना दी गई।

घास में छिपाई थी टांगी, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राहौद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी बजरंग गोंड ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने हमले में इस्तेमाल लोहे की टांगी को घर के पास घास में छिपाना बताया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button