Chhattisgarh

बाबा कर्मेश्वर धाम में सीएम विष्णुदेव साय ने किया रुद्राभिषेक: ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा

प्रदेश के शक्तिपीठों को जोड़कर बनेगा धार्मिक कॉरिडोर; रामलला दर्शन योजना से अब तक 50 हजार श्रद्धालुओं ने किए अयोध्या दर्शन।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में शामिल हुए। उन्होंने ऐतिहासिक बाबा कर्मेश्वर धाम में विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की।

धार्मिक कॉरिडोर और तीर्थ दर्शन योजनाओं का विस्तार

img com 2026082617354413216624806046861288076

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। राज्य सरकार प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को संवारने के लिए शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ रही है। उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन कर चुके हैं, वहीं तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए 10 हजार वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया जा चुका है।

शांति और विकास की राह पर बस्तर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर को नक्सलवाद के आतंक से मुक्त कराने में ऐतिहासिक सफलता मिली है। दशकों से हिंसा झेल रहे इलाकों में अब शांति, सड़क, शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार का मुख्य ध्येय अंतिम छोर पर खड़े हर परिवार तक विकास पहुंचाना है।

मां के नाम लगाया रुद्राक्ष का पौधा

‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी साय के नाम पर मंदिर परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्कृति व पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बेल का पौधा लगाया। कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, आईजी दीपक झा, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और एसपी वैभव बैंकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

img com 2026082617354388008239639618308099593

Related Articles

Back to top button