
जांजगीर-चांपा में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर किराये पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने और बेच देने वाले दो आरोपियों को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया, पीड़ित को हुआ करीब ₹9 लाख का नुकसान।
🔴 जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और फिर उन्हें बेच देने वाले दो आरोपियों को थाना बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पीड़ित के साथ करीब ₹9 लाख की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था।
कैसे रचा गया धोखाधड़ी का जाल
पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी विमलेश कुमार अहिर ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई 2026 को अकलतरा क्षेत्र के बम्हनीन निवासी सन्नी लाल पाटले और खम्हरिया निवासी राहुल कुमार खाण्डे उनके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर मांगे और ₹30-30 हजार रुपये किराये का भरोसा देकर उन्हें अपने साथ ले गए।
पीड़ित के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को करीब ₹2 लाख में बेच दीं और मिली रकम में से ₹50 हजार खर्च भी कर डाले। शिकायत पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 407/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के निवास स्थान पर घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने 8 सितंबर को दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।




