क्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा पुलिस का त्वरित एक्शन: उच्चभिट्ठी में मारपीट व बुजुर्ग की गैर इरादतन हत्या का आरोपी राजकिरण यादव गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ब्लेड जब्त

जमीन बंटवारे के विवाद में घर में घुसकर की थी मारपीट, बीच-बचाव के दौरान धक्का लगने से बुजुर्ग ने तोड़ा दम

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन के पारिवारिक बंटवारे को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग को सीने पर जोरदार धक्का मार दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

9 डिसमिल जमीन के बंटवारे का था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उच्चभिट्ठी स्थित लगभग 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, के बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी राजकिरण यादव (23 वर्ष) हाथ में धारदार स्टील का ब्लेड लेकर रमेश यादव के घर में जबरन घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौज व मारपीट करने लगा।

बीच-बचाव में बुजुर्ग को दिया धक्का

रमेश यादव के साथ हो रही मारपीट को देखकर उनके पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी राजकिरण यादव ने लोचन प्रसाद यादव के सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही वे सीने पर हाथ रखकर जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। घटना की सूचना पर चांपा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के बाद हत्या का अपराध दर्ज

गवाहों के बयान और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 296, 351(3) और 333 के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद

पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी राजकिरण यादव (पिता भरत लाल यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी उच्चभिट्ठी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में प्रयुक्त स्टील का धारदार ब्लेड बरामद कर लिया है। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button