प्रयास आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं प्रवेश का अंतिम मौका: 238 रिक्त सीटों के लिए 16 अक्टूबर को रायपुर में होगी चौथी ओपन काउंसलिंग

‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सुबह 10:30 से शाम 5 बजे तक चलेगी प्रक्रिया; नवा रायपुर के इंद्रावती भवन में लगेगा शिविर
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना’ के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश का एक और अवसर दिया जा रहा है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा जारी अधिकृत सूचना के अनुसार विभिन्न विद्यालयों में रिक्त रह गई 238 सीटों को भरने के लिए चौथी ओपन काउंसलिंग का आयोजन 16 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर संपन्न होगी।
नवा रायपुर के इंद्रावती भवन में निर्धारित हुआ काउंसलिंग स्थल
कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास), जांजगीर-चांपा के अनुसार काउंसलिंग सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। इसके लिए स्थल कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर (अटल नगर) के ब्लॉक-5, तृतीय तल स्थित हॉल नंबर-4 को निर्धारित किया गया है। प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद बची सीटों पर विद्यार्थियों को मेरिट व उपलब्धता के अनुसार तत्काल सीट आबंटित की जाएगी।

काउंसलिंग के लिए अनिवार्य दस्तावेज साथ लाना जरूरी
काउंसलिंग में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों व छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इनमें कक्षा 8वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत (प्रथम श्रेणी) अंकों की अंकसूची, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र (लागू होने पर), और पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र (लागू होने पर) शामिल हैं। इसके अलावा 10 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर अल्पसंख्यक वर्ग का नोटरी सत्यापित शपथ पत्र तथा विशेष श्रेणी (दिव्यांग, अनाथ, विधवा/परित्यक्ता माता की संतान, अथवा कर्तव्य के दौरान शहीद सुरक्षाकर्मियों के बच्चे) का वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
प्रवेश पात्रता मिलने पर दो दिन के भीतर जमा करने होंगे मेडिकल व टीसी
विभागीय निर्देशानुसार काउंसलिंग में सीट चयन के बाद विद्यार्थियों को प्रवेश की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए दो दिनों के भीतर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) और जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिक्त सीटों की संख्या में आवश्यकतानुसार परिवर्तन हो सकता है, इसलिए अभ्यर्थी समय से पूर्व पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।




