Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात: जांजगीर-नैला, चांपा और नवागढ़ में 30 लाख की लागत से बनेंगे 3 सामुदायिक भवन

नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से की थी मांग; जर्जर सड़कों की मरम्मत और नवीन पहुंच मार्गों के निर्माण पर भी मिला आश्वासन

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकायों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विधायक कश्यप की मांग पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जांजगीर-नैला नगर पालिका, चांपा नगर पालिका और नवागढ़ नगर पंचायत में 10-10 लाख रुपये की लागत से तीन सामुदायिक भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन निर्माण कार्यों पर कुल 30 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

तीन स्थानों पर होगा निर्माण

स्वीकृत कार्ययोजना के अनुसार, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल के समीप 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद चांपा के वार्ड क्रमांक 01 स्थित देवांगन मोहल्ले में 10 लाख रुपये तथा नगर पंचायत नवागढ़ के वार्ड क्रमांक 09 में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों के तैयार होने से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, पारिवारिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

मंत्री अरुण साव को सौंपा था मांग पत्र

उल्लेखनीय है कि इन विकास कार्यों को मंजूरी दिलाने के लिए विधायक ब्यास कश्यप ने नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से व्यक्तिगत मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था। चर्चा के दौरान विधायक ने क्षेत्र के नगरीय निकायों की आवश्यकताओं, जनहित की प्राथमिकताओं और बुनियादी अधोसंरचना के विकास पर विस्तार से बात रखी थी। विधायक की तत्परता और प्रभावी पैरवी के चलते शासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए इन तीनों कार्यों को हरी झंडी दी है।

सड़कों के कायाकल्प पर भी मिला भरोसा

नगरीय प्रशासन के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग (PWD) का दायित्व भी संभाल रहे उप मुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष विधायक कश्यप ने जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख जर्जर सड़कों की मरम्मत और नए पहुंच मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने क्षेत्रवासियों की आवागमन संबंधी दिक्कतों का हवाला देते हुए आवश्यक बजट स्वीकृत करने का आग्रह किया, जिस पर मंत्री साव ने जल्द ही सड़कों के निर्माण व मरम्मत कार्यों को स्वीकृति देने का ठोस आश्वासन दिया।

सामुदायिक भवनों की मंजूरी मिलने पर स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है, वहीं विधायक ब्यास कश्यप ने इन स्वीकृतियों के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button