धार्मिक वैभव और आधुनिक तकनीक का संगम बना नैला दुर्गा उत्सव: न्यू जर्सी अक्षरधाम की प्रतिकृति के बीच 3D शो ने मोहा मन


देश-विदेश के प्रसिद्ध मंदिरों की थीम पर 43 वर्षों की परंपरा, लाखों भक्तों की सुविधा के लिए रेलवे ने शुरू की विशेष ट्रेनें
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जांजगीर-नैला में भक्ति, आस्था और कलात्मक भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा के दर्शन के लिए नैला स्थित विशाल दुर्गा पंडाल में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं का तांता लग रहा है। अनुमान के मुताबिक अब तक करीब 7 लाख से अधिक श्रद्धालु माता के दरबार में मत्था टेक चुके हैं। सुबह की आरती से लेकर देर रात तक पूरा क्षेत्र माता के जयकारों से गुंजायमान है। आकर्षक विद्युत सज्जा, अनूठी स्थापत्य कला और इस वर्ष जोड़े गए अत्याधुनिक तकनीकी आकर्षणों के चलते नैला दुर्गा उत्सव पूरे प्रदेश सहित आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बना हुआ है।

न्यू जर्सी के अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर तैयार हुआ भव्य स्वरूप
नैला दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष अपने 43वें आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित प्रसिद्ध स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। कारीगरों द्वारा तैयार इस संरचना की ऊंचाई 150 फीट से अधिक और मुख्य प्रवेश द्वार की चौड़ाई लगभग 160 फीट है। पंडाल के भीतर लगभग 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की मनोहारी और अलौकिक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। कलात्मक नक्काशी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था इस पूरे परिसर को दिव्य आभा प्रदान कर रही है।

3D शो बना श्रद्धालुओं के कौतूहल का केंद्र
इस वर्ष धार्मिक आयोजन में आधुनिक तकनीक का अद्भुत समावेश देखने को मिल रहा है। पंडाल परिसर में आयोजित किया जा रहा विशेष 3D शो श्रद्धालुओं के बीच सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। थ्री-डायमेंशनल तकनीक और स्पेशल इफेक्ट्स के माध्यम से प्रस्तुत किए जा रहे दृश्यों को देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बच्चे पहुंच रहे हैं। तकनीक और भक्ति के इस समन्वय की हर तरफ सराहना हो रही है।

महानगरों जैसा दिखा रेलवे स्टेशन का नजारा, चल रहीं विशेष ट्रेनें

नैला के इस विशाल मेले में उमड़ रही भीड़ का असर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थिति महानगरों के प्रमुख स्टेशनों जैसी बनी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा बिलासपुर-चांपा-बिलासपुर के मध्य दो विशेष मेमू ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
पुलिस की चुस्त व्यवस्था के बीच नागरिक बने सेवादार
लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और पंडाल परिसर में भारी पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात है। वहीं, व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए स्थानीय नागरिक भी सेवादार की भूमिका में नजर आ रहे हैं। शहर के युवा और स्वयंसेवक पुलिस जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रात भर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग कराने और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन कराने में निस्वार्थ भाव से सेवा दे रहे हैं। पुलिस और आम नागरिकों के इस बेहतर तालमेल से इतने बड़े आयोजन में भी यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।






